मप्र सरकार की बड़ी पहल:
हर माह 9 व 25 तारीख को निजी केंद्र में फ्री सोनोग्राफी करा सकेंगी गर्भवती
भोपाल अब प्रदेश में गर्भवती महिलाओं को सोनोग्राफी (अल्ट्रासाउंड) के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज का चक्कर नहीं लगाना होगा। वह प्राइवेट सेंटरों पर जाकर मुफ्त में सोनोग्राफी करा सकती हैं। भुगतान सरकार करेगी।
निजी केंद्रों पर जांच कराने वाली महिलाओं को ‘ई-रुपी’ बारकोड दिया जाएगा। इसे स्कैन करने के बाद केंद्र संचालक के खाते में पैसा ट्रांसफर हो जाएगा। 29 जुलाई को काटजू अस्पताल में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरुआत होगी। हर महीने 9 व 25 तारीख को यह सुविधा फ्री में मिलेगी। 9 अगस्त से प्रदेश के सभी जिलों में यह सुविधा शुरू हो जाएगी। इसके बाद हर दिन यह सुविधा मिलेगी।
वो सबकुछ जो आपको जानना जरूरी है
योजना कैसे काम करेगी?
गर्भवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नाम व फोन नंबर बताना होगा। इसके बाद सीएचसी में ई-वाउचर जनरेट होगा। जांच से पहले मोबाइल पर ओटीपी आएगा। सत्यापन के बाद संचालक अल्ट्रासाउंड कर पाएंगे।
भुगतान कैसे होगा?
महिलाओं को ‘ई-रुपी’ बारकोड दिया जाएगा। यह वाउचर एक क्यूआर कोड है। इसे स्कैन करते ही पैसे संचालक को 500 रुपए ट्रांसफर होंगे।













