जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने नगर निगम गढ़ा जोन-1 में पदस्थ टाइम कीपर को 4500 रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कर्मचारी का नाम सत्येंद्र मिश्रा उर्फ बब्लू है जो कि एक दुकान संचालक से नल कनेक्शन लगवाने के नाम पर बीते एक सप्ताह से रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता जब निगम कर्मचारी से परेशान हो गया तो उसने बुधवार को जबलपुर लोकायुक्त एसपी से शिकायत की। शिकायत का एसपी संजय साहू ने परीक्षण करवाने के बाद गुरुवार को टीम मौके पर भेजकर रंगे हाथों सत्येन्द्र मिश्रा को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी सत्येन्द्र मिश्रा नगर निगम गढ़ा जोन-1 में पदस्थ है, जिसने कि रिश्वत के रुपए लेने के लिए शिकायतकर्ता को मेडिकल कॉलेज के पास बुलाया था।
दरअसल शिकायतकर्ता अमर देव ने नगर निगम गढ़ा जोन जबलपुर में आईसीएमआर रोड मेडिकल जबलपुर स्थित किराए की दुकान ली है। इस दुकान में नल कनेक्शन के लिए अमर देव ने एक माह पहले आवेदन दिया था। आवेदन देने के बाद से ही वह लगातार गढ़ा जोन जल विभाग के चक्कर काट रहा था। इसके बाद भी उसे जब नल कनेक्शन नहीं मिला तो उसने नगर निगम गड़ा जोन में कार्यरत टाइम कीपर सत्येंद्र मिश्रा उर्फ बबलू से संपर्क किया। सत्येन्द्र के द्वारा कहा गया कि अभी नहीं हो पाएगा, इसमें बहुत समय लगेगा। लगातार निगम ऑफिस के चक्कर काटने के बाद टाइम कीपर ने अमर देव के पास डिमांड डाली की 5 हजार रुपए देना होगा।
अमर देव नगर निगम के टाइम कीपर से इतना परेशान हो गए कि उन्होंने जबलपुर लोकायुक्त पुलिस से रिश्वत मांगने की शिकायत की। गुरुवार की शाम को जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने टाइम कीपर सत्येन्द्र मिश्रा को उसके ही ऑफिस के पास 4500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त जबलपुर की इस टीम में उप पुलिस अधीक्षक दिलीप झरबडे, इंस्पेक्टर नरेश बहरा, इंस्पेक्टर कमल सिंह उईके, एवं 5 अन्य सदस्यों ने रंगे हाथों पकड़ा













