‘मजाक बनाकर रखा है’, MP हाई कोर्ट के जज ने नर्मदापुरम कलेक्टर को लगाई फटकार?
हाई कोर्ट के जस्टिस अहलूवालिया ने कहा कि कोई भी अधिकारी अपनी बात सरकारी वकील के माध्यम से ही कोर्ट में रख सकता है. इस तरह सीधे जज को चिट्ठी भेजना अस्वीकार्य है.
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने नर्मदापुरम कलेक्टर सोनिया मीणा पर नाराजगी जताई है. दरअसल जमीन से जुड़े एक मामले को लेकर हाई कोर्ट ने कलेक्टर को पेश होने के निर्देश दिए थे, लेकिन कलेक्टर खुद न पहुंचते हुए एडीएम के हाथों पर चिट्टी भिजवा दी थी, जिस पर हाई कोर्ट के जज ने नाराजगी जताई है.
हाई कोर्ट के जस्टिस जीएस अहलूवालिया ने कहा कि कोई भी अधिकारी अपनी बात सरकारी वकील के जरिए ही कोर्ट में रख सकता है. इस तरह सीधे जज को चिट्टी नहीं भेज सकता है. जज अहलूवालिया ने कहा कि आखिर क्यों निर्देश के बावजूद कलेक्टर कोर्ट में हाजिर नहीं हुईं? बताया जा रहा है कि इस मामले में हाई कोर्ट ने नर्मदापुरम कलेक्टर पर कार्रवाई को लेकर आदेश सुरक्षित रखा है.











