छतरपुर अंतर्गत थाना ओरछा रोड के अंतर्गत ग्राम पंचायत देरी के खीर महेरी पुरवा के रहने वाले एक किसान परिवार के घर में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कलुआ अहिरवार के बड़े पुत्र ओमप्रकाश अहिरवार और नाती रियांश की सदिग्ध हालत में मौत हो गई। जबकि मृतक ओमप्रकाश अहिरवार की पत्नी नंदिनी और बड़ा पुत्र आदेश गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है। घटना की खबर लगते ही थाना ओरछा रोड प्रभारी दीपक यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच प्रारंभ कर दोनो मृतकों के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम को भेजा। मृतक के पिता कलुआ अहिरवार ने बताया कि रात को सब कुछ अच्छा था सभी लोग अपने घर पर सोए हुए थे लेकिन सुबह 3 बजे पता चला कि पुत्र ओमप्रकाश अहिरवार और नाती रियांश के पेट और सीने में दर्द हो रहा है। कुछ ही देर बाद ओमप्रकाश की मौत हो गई और रियांश को अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन अस्पताल में उपचार मिलने से पहले ही रियांश ने भी दम तोड़ दिया। मृतक ओमप्रकाश की पत्नी नंदिनी व बड़े पुत्र आदेश को भी तकलीफ होने पर तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां मॉ बेटे का उपचार किया जा रहा है।
मृतक के परिजनों ने पहले पुलिस को सूचना नहीं दी और रियांश की अस्पताल मेंं मौत होने पर उसे सीधे घर लेकर आ गए। लेकिन जब कुछ लोगो द्वारा पुलिस को सूचना दी गई तो थाना ओरछा रोड पुलिस ने गांव में जाकर घटना की जांच पड़ताल की और लोगों के बयान भी दर्ज किए ।
इस ह्रदय विदारक घटना ने पूरे गांव को सुबह सुबह झकझोर दिया है।
वहीं मृतक किसान ओमप्रकाश की मां तारा अहिरवार का कहना है कि मृतक पुत्र कर्ज से परेशान था क्योंकि उसने मेसी कंपनी से ट्रेक्टर लोन पर लिया था जिसकी 70 हजार रूपए की किस्त बकाया थी लेकिन मेसी ट्रेक्टर कंपनी के कर्मचारी लगातार उस पर पैसे देने के लिए दुर्व्यवहार कर दबाव बना रहें थे जिस कारण पूरा परिवार दहशत में था मां तारा अहिरवार का आरोप है कि मेसी टे्रक्टर कंपनी के कर्मचारियों के दबाव के चलते ही उसके पुत्र ने परेशान होकर यह कदम उठाया है। हालांकि अभी मौत को संदिग्ध माना जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद भी मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
इस घटना के बाद मृतक की बहन शांति अहिरवार ने आरोप लगाया कि उसके भाई से गांव के रबि बरेठा सहित तीन लोग बुराई मानते थे और जान से मारने की धमकी भी देते थे उसे आशंका है कि शायद इन्ही लोगों ने मेरे भाई को कुछ खिला दिया और उनके साथ यह घटना घटित हो गई। सीएसपी छतरपुर अरुण सोनी का कहना है की देरी गांव में एक घटना हुई है। जिसमें पिता पुत्र की मौत हो गई है। और पत्नी एवं बड़े पुत्र की हालत गंभीर है जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पत्नी के स्वस्थ होने पर सच्चाई सामने आएंगी तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मृत्यु का कारण स्पष्ट होगा। अन्य लोगों के भी बयान लिए जा रहें है ताकि घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकें।
जनपथ दर्शन न्यूज चैनल के लिए केशव शर्मा के साथ हरिओम अग्रवाल की रिपोर्ट।












