मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उनके आवास पर हुई बैठक में उपचुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई और इसके लिए मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई।
यूपी में 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री आवास पर बैठक हुई जिसमें सरकार व संगठन के लोग शामिल हुए। बैठक में एक सीट की जिम्मेदारी तीन मंत्रियों को दी गई हैं। बैठक के बाद बाहर निकले कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि उपचुनाव को लेकर चर्चा हुई और सभी की जिम्मेदारी तय की गई।
बता दें, लोकसभा चुनाव में सांसद बने 9 विधायकों की सीटों समेत सीसामऊ सीट पर उप चुनाव होना है। सपा विधायक के अयोग्य घोषित होने से सीसामऊ सीट रिक्त हुई है। जिन 9 सीटों पर उप चुनाव होने हैं, उनमें मिल्कीपुर, कटेहरी, फूलपुर, मझवां, गाजियाबाद सदर, मीरापुर, खैर और कुंदरकी शामिल हैं।
| क्रम संख्या | विधानसभा | प्रभारी मंत्री (कैबिनेट) | प्रभारी (राज्यमंत्री) |
| 1 | मीरापुर | अनिल कुमार | सोमेंद्र तोमर, केपी मलिक |
| 2 | कुंदरकी | धर्मपाल सिंह | जेपीएस राठौर, जसवंत सिंह और गुलाब देवी |
| 3 | गाजियाबाद | सुनील शर्मा | बृजेश सिंह, कपिलदेव अग्रवाल |
| 4 | खैर (एससी) | लक्ष्मीनारायण चौधरी | संदीप सिंह |
| 5 | करहल | जयवीर सिंह, योगेंद्र उपाध्याय | अजीत पाल सिंह |
| 6 | शीशामऊ | सुरेश खन्ना | नितिन अग्रवाल |
| 7 | फूलपुर | राकेश सचान | दयाशंकर सिंह |
| 8 | मिल्कीपुर (एससी) | सूर्यप्रताप शाही | मयंकेश्वर सिंह, गिरीश यादव और सतीश शर्मा |
| 9 | कटेहरी | स्वतंत्र देव सिंह, संजय निषाद | दयाशंकर सिंह |
| 10 | मझवां | अनिल राजभर, आशीष पटेल | रविंद्र जायसवाल, रामकेश निषाद |
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने आने वाले उपचुनाव में हार के डर से शिक्षकों की ‘डिजिटल अटेंडेंस’ और लखनऊ में पंतनगर व इंद्रप्रस्थ के ध्वस्तीकरणृ का फरमान स्थगित किया है। इसे पूरी तरह से निरस्त होना चाहिए।
उन्होंने एक्स के माध्यम से कहा कि भाजपा का असली चेहरा शिक्षकों व आम जनता के सामने आ गया है। शिक्षक व आम जनता भाजपा को उपचुनाव ही नहीं, अगला हर चुनाव हराएगी। जनता ने भाजपा सरकार की मनमानी के बुलडोजर के ऊपर जनशक्ति का बुलडोजर चला दिया है।











