कलेक्टर ने कहा बच्चों को पढ़ाई के साथ पारम्परिक कला से जोड़कर रखें
मृदा शिल्पकारों के लिए मिट्टी व्यवस्था व सोसायटी गठन करने के निर्देश

कलेक्टर संदीप जी.आर. ने गुरुवार को चन्द्रनगर में निर्माणरत टेराकोटा म्यूजियम एवं ट्रेनिंग सेंटर का निरीक्षण किया और साथ ही आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित समूह की महिलाओं एवं पुरुष मृदा शिल्पकारों को संबोधित किया। कलेक्टर श्री जी.आर. ने कहा मृदा शिल्पकारों द्वारा बनाए जा रहे मिट्टी के खिलौने, सजावटी सामग्री एवं अन्य चीजों को अधिक से अधिक प्रमोट करने के लिए पन्ना और खजुराहो के बीच चन्द्रनगर में टेराकोटा म्यूजियम एवं ट्रेनिंग सेंटर बनाया जा रहा है। ताकि यहां पर्यटक भी आसानी से पहुंचकर मिट्टी की बनी सामग्री को खरीदे। जिससे समूह की महिलाओं और अन्य मृदा शिल्पकार आर्थिक रूप से सशक्त बने। साथ ही जिले में बनाई रही चीजों को प्रोत्साहन मिले, जो जिले को नई पहचान दिलाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मृदा शिल्पकारों के लिए मिट्टी खुदाई के लिए जमीन चिन्हित करें, एक सोसायटी का गठन कराया जाए।इसके अलावा जो महिलाएं और पुरुष माटी की कला में दक्ष हैं, उन्हें चिन्हित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि यहां लगाई जाने वाली प्रदर्शनी में जो भी व्यक्ति सामग्री खरीदने आए उनके पैसे सीधे क्यू आर कोड के माध्यम से संबंधित के खाते में पहुंचे। उन्होनें कहा इस सेंटर पर खाने की चीजों के लिए कैफेट एरिया भी बनाया जाएगा, ताकि लोग कुछ देर रुक सकें। मृदा शिल्पकारों को ट्रेनिंग सेंटर पर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा और इनके द्वारा ही इस माटी सेंटर का संचालन किया जाएगा। कलेक्टर ने अक्टूबर तक निर्माण कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा इस सेंटर का माटी नाम रखने से यहां प्रदर्शित होने वाले मिट्टी से निर्मित खिलौने एवं अन्य वस्तुओं को बढ़ावा मिले और लोगों के आकर्षण का केन्द्र बन सके। कलेक्टर ने कहा अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ पारम्परिक कला से भी जोड़कर रखें। इस अवसर पर एसडीएम प्रखर सिंह, सीईओ जनपद राकेश शुक्ला सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने मिट्टी शिल्पकारों के साथ आम का पौधा रोपा
कलेक्टर संदीप जी.आर. ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान अंतर्गत चन्द्रनगर में स्वसहायता समूह की महिलाओं और अन्य मृदा शिल्पकारों के साथ आम का पौधा लगाया और सभी से एक-एक पौधा रोपने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।












