छतरपुर। छत्रसाल नगर में नगरपालिका द्वारा एक गौशाला खोली गई थी लेकिन यह गौशाला पूर्व में कुछ लोगों को संचालित करने के लिए दे दी गई थी लेकिन गौशाला में न तो गोवंश को रखा जा रहा था और न ही गोवंश की सुरक्षा की जा रही थी। उल्टे गौशाला पर अपना अधिकार जताया जा रहा था। नगरपालिका सीएमओ द्वारा गोवंश गौशाला में भेजा जाता था लेकिन इस गोवंश को रात को वहां से निकाल दिया जाता था। अभी पिछले दिनों गौशाला में कुछ गोवंश की अकाल मौत होने की खबरें प्रशासन तक पहुंची लेकिन गोवंश की मौत नहीं हुई थी। जिस पर एसडीएम अखिल राठौर और मुख्य नगरपालिका अधिकारी माधुरी शर्मा ने विगत दिवस गौशाला पहुंच कर वहां का निरीक्षण किया और एक महिला इस गौशाला को संचालित करती पाई गई। जिस पर अवैध कब्जे से गौशाला मुक्त कराई गई। अब इस गौशाला का संचालन नगरपालिका द्वारा कराया जा रहा है। गौशाला में करीब आधा सैकड़ा गोवंश मौजूद है। जो गोवंश शहर की सडक़ों पर घूम रहा है उसे नगरपालिका की गौशाला छत्रसाल नगर पहुंचाया जा रहा है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी माधुरी शर्मा ने बताया कि जब तक विशेष अभियान चल रहा है तब तक इस गौशाला में गोवंश को पकड़ कर रखा जायेगा और फिर उन्हें दूसरी गौशाला में भेजा जायेगा। इस गौशाला में गोवंश रखने की जितनी क्षमता होगी उसी क्षमता के अनुसार गोवंश को रखा जाएगा और गोवंश को पूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि एक- दो समितियां भी गौशाला से जुड़ गई हैं जो गोवंश के खाने की सामग्री देने में सहयोग कर रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नगरपालिका की ओर से गोवंश की देखरेख और भोजन व्यवस्था करने के लिए दो लोग नियुक्त कर दिए गए हैं।