मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार एवं नशा मुक्ति अभियान के तहत छतरपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ संग्रह, विक्रय एवं परिवहन करने वालों तथा सार्वजनिक स्थानों में नशाखोरी कर रहे नशाखोरों के विरुद्ध निरंतर सख्त से सख्त कार्यवाही की जा रही है। छतरपुर पुलिस द्वारा विगत महीनों में एनडीपीएस में 85 प्रकरण एवं आबकारी में 2000 से अधिक प्रकरण दर्ज किये गए हैं। 52 कुंतल से अधिक अफीम के पौधे, 1000 किग्रा से अधिक गांजा, 5 सैकड़ा से अधिक शीशी नशीली सिरप, 1100 से नशीली टैबलेट, 200 से अधिक इंजेक्शन, स्मैक, 17000 लीटर से अधिक अवैध शराब जप्त की गई है।
थाना कोतवाली पुलिस को रात्रि रोड पेट्रोलिंग के दौरान सागर कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में महोबा तरफ से आ रही कार में अवैध शराब तस्करी की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तेज गति से जा रही कार का पीछा किया गया। भैंसासुर मुक्तिधाम के पास खड़ी कार में विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें 13 पेटी मात्रा करीब 117 लीटर अवैध शराब पाई गई। अवैध शराब, तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी जेन कार कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए जप्त की गई। अवैध शराब तस्कर फरार आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। फरार आरोपी की तलाश एवं विवेचना कार्यवाही जारी है।
उक्त कार्यवाही में नगर पुलिस अधीक्षक श्री अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अरविंद सिंह दांगी, उपनिरीक्षक अजय सिंह शाक्य, आरक्षक शिव प्रताप, दीपचंद, अखंड प्रताप सिंह, घनश्याम एवं पुलिस टीम की भूमिका रही।












