मंडी से नहीं है चावल का कोई अनुबंध, छतरपुर जिले में नहीं होती चावल की खेती
छतरपुर। पिछले कुछ दिनों से शहर के व्यापारी पीडीएस के चावल का अवैध कारोबार कर रहे हैं। आये दिन पीडीएस चावल से लदे हुए ट्रक निकल रहे हैं। लेकिन कोई अधिकारी ध्यान नहीं दे रहा है। मंडी के सामने से ही यह ट्रक लद कर निकल जाते हैं और मंडी कर्मचारियों को इसकी भनक भी नहीं लग पाती है। शुक्रवार को भी मंडी के सामने से एक ट्रक क्रमांक एमपी 09 एमएच 7174 पर एक साहू के यहां से 100 बोरी चावल भरा गया और इसी ट्रक में मछरिया बाजार से भी चावल भरा जाना था। यह ट्रक मंडी के सामने से चलकर पन्ना नाके तक भी नहीं पहुंच पाया और इसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई। तब मंडी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और चावल से भरे हुए उक्त ट्रक को मंडी ले गए। जहां उसे रखा गया। संबंधित व्यापारी द्वारा ट्रक को छोड़ने के लिए ऐड़ी-चोटी का जोर लगाया जाता रहा। लेकिन मामले की जानकारी अधिकारियों तक पहुंच जाने के कारण मामला सुलझ नहीं पाया और न ही व्यापारियों की चांदी की खनक मंडी के कर्मचारियों के आगे नहीं चल सकी। इसकी शिकायत जिला आपूर्ति अधिकारी से भी की गई है। अब यह जांच का विषय बन गया है कि आखिरकार इतनी अधिक मात्रा में चावल आया कहां से, जब छतरपुर में चावल का उत्पादन नहीं है। जिससे आशंका है कि यह चावल पीडीएस का होगा। अब जिला आपूर्ति अधिकारी इस मामले की पूरी तरह से जांच करेंगे। इस पूरे मामले में कलेक्टर संदीप जीआर भी पूरी तरह से सख्त नजर आ रहे हैं। आपको बता दें कि एक सप्ताह पूर्व भी छतरपुर मंडी के सामने से ही रातों रात एक ट्रक चावल लोड होकर चोरी छिपे शहर से निकाल दिया गया था। इसमें कुछ मंडी कर्मचारी भी शामिल रहे। आये दिन शहर के व्यापारी इसी तरह चावल के ट्रक लोड करके बाहर निकालते हैं। इस पूरे मामले की बारीकी से जांच होनी चाहिए ताकि स्पष्ट हो सके कि आखिर यह चावल आ कहां से रहा है।
व्यापारियों की गोदामों में भरा हजारों टन पीडीएस का चावल
इस संबंध में जानकारी मिली है कि शहर के कई व्यापारियों के गोदामों में हजारों टन पीडीएस का चावल भरा हुआ है। अगर इन गोदामों की जांच की जाए तो शायद यह फर्जीवाड़ा खुल सकता है। मंडी के सामने भी कई गोदाम ऐसे हैं जहां पीडीएस का चावल रखा है। अगर प्रशासन स्तर पर एक टीम गठित की जाए और इन गोदामों की जांच हो जाये तो बड़े पैमाने पर पीडीएस के चावल की कालाबाजारी उजागर होगी।













