15 दिन में प्रभारी मंत्रियों ने नापे जिले
माह में कम से कम एक बार प्रभार के जिलों में पहुंचना है मंत्रियों को, कैबिनेट में देंगे फीडबैक
*भोपाल* मोहन कैबिनेट के मंत्रियों ने 12 अगस्त को प्रभार के जिलों की जिम्मेदारी मिलने के बाद चालीस से अधिक जिलों का दौरा कर लिया है वहीं कुछ मंत्रियों के दौरे अभी बाकी हैं। प्रभार के जिलों में मंत्रियों के कम से कम एक रात्रि रुकने और हर महीने दौरे करने के निर्देश को 15 दिन बीत चुके हैं। मंत्रियों ने शेष बचे जिलों में दौरे तेज कर दिए हैं क्योंकि सितम्बर माह में होने वाली पहली कैबिनेट की बैठक में मंत्रियों के प्रभार के जिलों में प्रवास और वहां के फीडबैक को लेकर चर्चा हो सकती है।
मंत्रिमंडल के गठन के आठ माह बाद 15 अगस्त के पहले जिलों का प्रभार सौंपा गया था। इसमें कई मंत्रियों को दो जिलों का प्रभारी बनाया गया है। कुछ मंत्रियों के प्रभार के एक जिले से दूसरे जिले और उनके गृह नगर से दूरी पांच सौ किमी से अधिक है। ऐसे में प्रभार के जिलों को लेकर बदलाव की कोशिश भी की गई है लेकिन सरकार ने इससे इनकार कर दिया है। इसके चलते लंबी दूरी के बाद भी सीनियर नेता और मंत्री प्रहलाद पटेल ने अपने प्रभार वाले दोनों ही जिलों का दौरा भी कर लिया है। पटेल के पास रीवा और भिंड जिले का प्रभार है जो अलग-अलग कोनों पर स्थित हैं।
*ये मंत्री प्रभार के जिलों में पहुंचे*
मंत्रियों के प्रभार के जिलों के दौरे की जो रिपोर्ट सामने आई है उसके अनुसार 27 मंत्रियों को 15 अगस्त के दिन प्रभार के जिले में ध्वजारोहण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसलिए इतने जिलों में दौरा एक दिन में ही सारे मंत्रियों ने कर लिया। इसके बाद जिन मंत्रियों के पास दो जिलों का प्रभार है वे अब दौरा कर रहे हैं ताकि अगली कैबिनेट बैठक में सीएम को जिले का अपडेट दे सकें।
*ये मंत्री कर चुके दो जिलों के दौरे*
प्रहलाद पटेल के अलावा जो अन्य मंत्री प्रभार के जिलों का दौरा कर चुके हैं, उनमें डिप्टी सीएम राजेंद्र कुमार शुक्ल सागर और शहडोल में बैठकें ले चुके हैं। वहीं मंत्री विजय शाह ने दो दिन के अंतराल में झाबुआ और रतलाम जिलों का दौरा कर वहां कलेक्टर और जिला अधिकारियों के साथ बैठक करने के साथ पार्टी की जिला इकाई की मीटिंग भी ली है। मंत्री संपतिया उइके सिंगरौली और अलीराजपुर में अलीराजपुर का, कृष्णा गौर सीहोर और टीकमगढ़ और राधा सिंह मैहर जिले का दौरा प्रभारी मंत्री के तौर पर कर चुके हैं। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा 15 अगस्त को जबलपुर में ध्वजारोहण के लिए पहुंचे थे और बैठकें ली थीं वहीं पिछले दिनों वे प्रभार के दूसरे जिले देवास भी पहुंचे थे।
*इन जिलों के दौरे बाकी*
*1* राकेश सिंह अस्वस्थ होने के कारण प्रभार के जिलों छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम नहीं जा सके हैं।
*2* करण सिंह वर्मा सिवनी जिले में 15 अगस्त को थे जबकि दूसरे प्रभार वाले जिले मुरैना का दौरा बाकी बताया जा रहा है।
*3* मंत्री उदय प्रताप सिंह कटनी से वापस लौट आए हैं और बालाघाट आज रात पहुंचने वाले हैं। कल मीटिंग लेंगे।
*4* नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय धार और सतना जिले के प्रभारी मंत्री हैं लेकिन अभी दौरा होना बाकी है।












