चोर को पकड़ कर मंदिर लाई पुलिस, भगवान से माफी मंगवाई
चोर ने श्री महाकाल भैरव मंदिर में चोरी की थी। पुलिस ने चोर को पकड़ा और कोर्ट में पेश करने से पहले मंदिर लाई औ माफी मंगवाई
जबलपुर। तिलवारा के महाकाल भैरव मंदिर में चोरी करने वाले चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में ले जाने से पहले पुलिस हथकड़ी लगवाकर मंदिर ले गई, जहां पर चोर ने चोरी की थी।
चोर ने हाथ जोड़कर भगवान से माफी मांगी। यह भी कहलवाया कि अब वह चोरी नहीं करेगा। पुलिस के कहने पर चोर ने भी बकायदा भगवान के सामने दोनों हाथ जोड़े और चोरी न करने की बात कही। इसके बाद पुलिस आरोपी का पैदल थाने ले गई।
*एक के बाद एक दो चोरियों को दिया था अंजाम*
महाकाल भैरव मंदिर में 23 जुलाई और 2 सितंबर को एक के बाद एक चोरी की दो वारदात हुई थीं। चोर ने भगवान का मुखौटा, आरती, तीन घंटियां, एक कांसे की कटोरी, कांसे का लोटा, घंटियां और हवनबेदी चोरी कर ली थी।
दोनों वारदातों के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में आक्रोश था। मामले में तिलवारा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी खंगाले, तो वहां रांझी बापू नगर निवासी शिवम बर्मन नजर आया।
पुलिस टीम ने शिवम को तलाश और उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया माल बरामद किया। जिसके बाद टीम उसे मंदिर ले गई और भगवान से माफी मंगवाई।
जनपथ दर्शन न्यूज चैनल के लिए चैनल हेड मनेन्दु पहारिया की रिपोर्ट।












